शिक्षा से आत्मनिर्भर बनती है नारी, निर्णय लेने का मिलता है आत्मविश्वास: स्वाति सिंह

युवती सम्मेलन में शिक्षा, महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर

0 75

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अग्नि शाखा के तत्वावधान में मंगलवार को अटल सभागार में युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में छात्राओं और युवतियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा तथा अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

 

स्वाति सिंह ने कहा कि शिक्षा नारी के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला है। शिक्षित महिला अपने जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने का आत्मविश्वास रखती है और परिवार व समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, विज्ञान, खेल और व्यवसाय समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। युवतियों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव व असमानता के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र महिलाओं और बालिकाओं तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता जरूरी है।

 

सम्मेलन में महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। छात्राओं को शिक्षा के साथ बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment