आशीर्वाद का दीया से जगमगाया शंकर घाट

दीप प्रज्वलन के साथ स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी का दिया संदेश

0 22

रिपोर्टर -सोहन श्याम

डिंडौरी-संकल्प से सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा डिंडौरी के शंकर घाट में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनमानस ने सहभागिता करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ एवं देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभागीय टीम द्वारा शंकर घाट की साफ-सफाई कर आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया तथा दीप प्रज्वलित कर घाट को दीपों से सजाया गया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की टीम, सीडीपीओ डिंडौरी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाने में सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया तथा “आशीर्वाद का दीया” अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर विभागीय अमले द्वारा नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जनमानस को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान शंकर घाट का वातावरण दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और सेवा एवं जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment