कुसमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.484 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

0 528

गणेश उत्सव की रात्रि गश्त के दौरान पोंडी में पकड़े गए आरोपी, बाइक और दो मोबाइल समेत ₹2.21 लाख का मशरूका जब्त

सीधी। मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.484 किलोग्राम गांजा के साथ एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹2,21,844 का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

17 सितंबर की रात करीब 1:28 बजे चौकी पोंडी पुलिस टीम ग्राम पोंडी स्थित सहकारी बैंक के सामने गणेश उत्सव की सुरक्षा व्यवस्था एवं रात्रि गश्त में तैनात थी। इसी दौरान ददरी की ओर से हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर क्रमांक MP-18-MB-4081 आती दिखाई दी। बाइक पर एक पुरुष चालक और महिला सवार थी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद दो बैगों से 14 पैकेटों में कुल 14.484 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,44,844 बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा केल्हारी, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़ से लाना बताया।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने श्याम सुंदर कुशवाहा (54), निवासी उडैसा, चौकी पथरौला, थाना मडवास तथा प्रेमवती सिंह (42), निवासी बरहाई, चौकी पथरौला, थाना मडवास, जिला सीधी को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

यह सामान हुआ जब्त

14.484 किलो गांजा — ₹1,44,844

हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर — ₹50,000

OPPO एंड्रॉयड मोबाइल — ₹25,000

Jio की-पैड मोबाइल — ₹2,000

कुल मशरूका — ₹2,21,844

कार्रवाई में चौकी प्रभारी पोंडी सउनि जय नारायण श्रीवास्तव सहित पुलिस टीम के जितेन्द्र पाठक, रमेश्वर सिंह, अभिषेक मिश्रा, शिवम शुक्ला, अर्चना मुवेल एवं कृष्ण मुरारी द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment