स्वसहायता समूह को मिली MHYSA हेरिटेज लिकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के संचालन की जिम्मेदारी

रिपोर्टर -सोहन श्याम
डिंडौरी-अमरपुर विकासखंड में MHYSA हेरिटेज लिकर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शुभारंभ किया गया। यूनिट का संचालन राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मां नर्मदा स्वसहायता समूह द्वारा किया जाएगा। समूह की 12 सदस्यीय टीम यूनिट के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम ने कहा कि खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्माण में गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने स्वसहायता समूह के सदस्यों से सावधानीपूर्वक कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि समूह को आगे बढ़ाने के लिए शासन-प्रशासन एवं उनके स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ऐसी संस्थाएं अलीराजपुर और डिंडौरी में संचालित हैं। डिंडौरी की यूनिट विभिन्न कारणों से बंद थी, जिसे शासन-प्रशासन के प्रयासों और स्वसहायता समूह की मेहनत से पुनः शुरू किया जा सका है। लंबे समय से बंद इकाई को दोबारा शुरू करना चुनौतीपूर्ण कार्य है। समूह के सदस्यों से पूरी मेहनत और लगन से कार्य करने का आह्वान किया गया, ताकि यूनिट के माध्यम से उनकी आजीविका और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्वसहायता समूह के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए यूनिट के सुचारु संचालन, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति तथा समूह की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय पर जोर दिया।
शुभारंभ कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, जिला वनमंडल अधिकारी श्री अशोक सोलंकी,जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, रेडक्रास समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।