खनिज के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त

रेत के दो और गिट्टी के दो वाहन पकड़े, वाहन चालकों एवं स्वामियों पर दर्ज होंगे प्रकरण

0 195

 

सीधी, 12 सितंबर 2026।

जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत एवं गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन कर रहे चार वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई रामपुर नैकिन, गोपदबनास एवं चुरहट तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में की गई।

खनिज विभाग की जांच के दौरान रेत का अनाधिकृत परिवहन करते वाहन क्रमांक MP53GA3572 को जमोड़ी तिराहा तथा MP17ZP9545 को बघवार क्षेत्र से जब्त किया गया। वहीं गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते वाहन क्रमांक MP53HA1427 को ग्राम उपनी के निकट तथा MP53GA3249 को चुरहट क्षेत्र से पकड़ा गया।

जब्त किए गए चारों वाहनों को नियमानुसार सुरक्षार्थ संबंधित पुलिस थानों एवं पुलिस चौकियों में खड़ा कराया गया है। इनमें एक वाहन थाना कोतवाली, एक पुलिस चौकी पिपरांव, एक थाना जमोड़ी तथा एक वाहन मोहनिया पुलिस चौकी में रखा गया है।

खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों को कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

कलेक्टर सीधी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खनिजों के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में आदतन रूप से संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment