अमिलिया पुलिस की बड़ी सफलता, 15 नाबालिग बालिकाएं सुरक्षित दस्तयाब

दो अलग-अलग मामलों में लापता बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल खोजा, भोपाल से 17 वर्षीय बालिका 24 घंटे में बरामद
सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस के नेतृत्व में अमिलिया पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं की तलाश में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लापता बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया है।
पहले मामले में 16 वर्षीय बालिका के लापता होने पर थाना अमिलिया में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए बालिका को 03 सितंबर 2026 को ग्राम पिपराही, थाना मऊगंज क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद बालिका को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं दूसरे मामले में 17 वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से तलाश शुरू की। जांच के दौरान बालिका के बस से भोपाल की ओर जाने की जानकारी मिली। अमिलिया पुलिस ने भोपाल पुलिस से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई की और 07 सितंबर 2026 को चौकी सुखी सेवनिया, थाना बेरसिया, भोपाल से बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद 08 सितंबर को उसे उसके पिता के सुपुर्द किया गया।
2026 में सभी 15 नाबालिग बालिकाएं सुरक्षित दस्तयाब
थाना अमिलिया पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नाबालिग बालिकाओं के अपहरण/लापता होने के कुल 15 प्रकरण दर्ज हुए थे। पुलिस द्वारा लगातार प्रयास और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 15 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया जा चुका है। 08 सितंबर 2026 तक कोई भी नाबालिग बालिका दस्तयाबी के लिए शेष नहीं है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में तकनीकी संसाधनों के उपयोग, अंतर-जिला पुलिस समन्वय और संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है।
उल्लेखनीय भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस, सउनि पुरुषोत्तम पाठक, प्रआर. 46 राजेन्द्र सिंह, आर. 260 दीपेन्द्र सिंह, प्रआर. 47 लोकेन्द्र सिंह, आर. 231 अभिषेक चौधरी, आर. 486 बंशलाल सिंह एवं साइबर सेल टीम के आर. कृष्णमुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।