सेही के शिकार मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

0 363

सीधी, 08 सितंबर 2026। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संजय टाइगर रिजर्व की ब्यौहारी बफर रेंज की टीम ने 7 सितंबर को ग्राम कोठार में छापामार कार्रवाई करते हुए सेही के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

रेंजर अर्पित मैंराल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कमलेश बैगा, राजेश बैगा और रामसिया बैगा को सेही के करीब 6.5 किलोग्राम कच्चे मांस और 300 ग्राम कांटों के साथ पकड़ा गया।

वन विभाग के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 7 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे बीट मझोली के कक्ष क्रमांक TH-1328 में कुत्तों की मदद से सेही को घेरकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका शिकार किया गया था। इसके बाद मांस को खाने के उद्देश्य से गांव की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।

वन विभाग की टीम ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को 8 सितंबर को माननीय न्यायालय मझौली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वन विभाग द्वारा वन्यजीवों के अवैध शिकार एवं अन्य वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment