मनुस्मृति की आलोचना और संविधान लहराने वाली नकारात्मक शक्तियों से रहें सावधान : सांसद डॉ. मिश्रा

0 430

भाजपा की विस्तारित जिला कार्य समिति बैठक संपन्न, विकास कार्यों और संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

सीधी। भारतीय जनता पार्टी की बृहद जिला कार्य समिति की बैठक लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता तथा धौंहनी विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्र शरण सिंह चौहान एवं केके तिवारी की विशिष्ट उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक से पूर्व ध्वजारोहण एवं वंदे मातरम् का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्य समिति को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका कृतित्व एवं व्यक्तित्व करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि जो लोग मनुस्मृति की एबीसीडी तक नहीं जानते, वे देश को गुमराह करने और समाज को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद, भाषावाद, नक्सलवाद सहित विभिन्न प्रकार के वाद फैलाकर संविधान की दुहाई देने वाली नकारात्मक शक्तियों से देश की जनता को सावधान रहने की आवश्यकता है।

सांसद ने लोकसभा संसदीय क्षेत्र में रेल, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फोरलेन सड़कों का विस्तार हो रहा है, रीवा से हवाई सेवा उपलब्ध है तथा सीधी तक रेल पहुंचने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस पर कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह व्यक्त किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए चुनाव नहीं लड़ती, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भरोसा और विश्वास अर्जित करने के साथ विकसित मध्यप्रदेश एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनकल्याणकारी योजनाओं को ईमानदारी से आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

श्री चौहान ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दिए गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करे। लाभार्थी संपर्क, पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति, बूथ समिति, पंच परमेश्वर एवं त्रिदेव संगठन के कार्यों के प्रमुख आधार हैं।

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं धौंहनी विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की महाशक्ति बनाने के लक्ष्य के लिए कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत हैं।

प्रदेश कार्य समिति के विभिन्न विषयों पर पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्र शरण सिंह चौहान एवं केके तिवारी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। स्वागत भाषण जिला उपाध्यक्ष शिवदान साकेत ने दिया, जबकि प्रतिवेदन जिला महामंत्री लोरिक प्रसाद यादव ने प्रस्तुत किया। जिला उपाध्यक्ष विश्व बंधुधर द्विवेदी ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा तथा जिले में चल रहे लोककल्याणकारी कार्यों के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सराहना की।

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक पटेल ने किया।

बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता मिश्रा बंदी, मंगलेश्वर सिंह चौहान, यदुनाथ सिंह चौहान, सुभाष सिंह, धर्मेंद्र सिंह परिहार, रामकुमार साहू, शंकर प्रसाद गुप्ता, देवेंद्र सिंह मुन्नू, ऊषा गोपाल पटेल, मनीला सिंह चौहान, अखिलेश पाण्डेय, चन्द्रपाल सिंह उइके, संजय सिंह चौहान, रामप्रसाद बैश्य, अंजू पाठक, रवि केसरी, जितेन्द्र सिंह चौहान, प्रदीप शुक्ला, प्रमोद द्विवेदी, डॉ. विक्रम सिंह चौहान, गजराज सिंह चन्देल, पूजा सिंह कुशराम, उर्मिला साकेत, उमाशंकर यादव, सूर्य प्रताप सिंह, कपूर चन्द साहू, अनीता चौरसिया, पुनीत पाण्डेय, सुरेंद्र मणि दुबे, जगदंबा सोनी, हरिकेश साकेत, कृष्ण पाल सिंह सहित जिला कार्य समिति के पदाधिकारी, विशेष एवं स्थायी आमंत्रित सदस्य, मंडल एवं मोर्चों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment