शहपुरा में शासकीय गेहूं चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

0 105

 

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

 

सोसाइटी का ताला तोड़कर 14 बोरी गेहूं ले गए थे चोर, दो आरोपियों की तलाश जारी

 

शहपुरा। नगर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित आदिवासी उपभोक्ता भंडार सोसाइटी में ताला तोड़कर शासकीय गेहूं चोरी किए जाने के मामले में शहपुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया गेहूं बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

जानकारी के अनुसार 4 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने आदिवासी उपभोक्ता भंडार सोसाइटी का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 14 बोरी गेहूं चोरी कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोसाइटी संचालक ने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

 

जांच के बाद एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

 

शिकायत पर शहपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय कुमार बैगा निवासी शहपुरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किया गया गेहूं बरामद किया गया।

 

दो फरार आरोपियों की तलाश तेज

 

पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात को तीन आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

पुलिस टीम की अहम भूमिका

 

थाना प्रभारी अनुराग जामदार के निर्देशन में प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, सूर्यभान बरकड़े एवं कमलेश मरावी ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का गेहूं बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

पुलिस की कार्रवाई के बाद चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। अब पुलिस फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment