दूरस्थ वन ग्राम बीतल बहरा पहुंचकर एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

0 52

 

सड़क एवं पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

 

 

डिंडौरी-दूरस्थ वन ग्राम बीतल बहरा की बैगा महिलाओं द्वारा सड़क एवं पेयजल की समस्या को लेकर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद एसडीएम डिंडोरी श्री रामबाबू देवांगन ने त्वरित पहल करते हुए ग्राम बीतल बहरा पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने जनपद पंचायत समनापुर के विकास विस्तार अधिकारी, उपयंत्री, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक के साथ ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया।

 

एसडीएम ने प्राथमिक शाला बीतल बहरा पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए बच्चों को किराए के भवन में संचालित करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी भवन नहीं होने के कारण किराए के भवन में संचालित आंगनवाड़ी का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य, नाश्ता एवं पोषण आहार की जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम ग्राम की मुख्य बस्ती से लगभग 50 से 100 फीट नीचे स्थित जलस्रोत तक पहुंचे, जहां से महिलाओं एवं बच्चों द्वारा पीने का पानी लाने की समस्या सामने आई। उन्होंने पेयजल की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए संबंधित उपयंत्री को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

एसडीएम ने खाद्य विभाग एवं जनपद की टीम को पात्र बैगा महिलाओं के राशन वितरण की जांच करने तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ग्राम में लगभग 2 किलोमीटर मुख्य मार्ग होने की जानकारी पर सड़क निर्माण/सुधार के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसडीएम के पहली बार ग्राम पहुंचने और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याओं का निराकरण कराने की पहल से बीतल बहरा के बैगा परिवारों में खुशी देखी गई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment