16 सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की कलमबंद हड़ताल जारी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0 174

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )

 

डिंडोरी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ डिंडोरी के बैनर तले जिले के पटवारी अपनी 16 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग को लेकर दूसरे दिन भी कलमबंद हड़ताल पर रहे। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष सोहन साहू के नेतृत्व में पटवारियों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम डिंडोरी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की।

 

ज्ञापन में पटवारियों ने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में ऑनलाइन ई-अटेंडेंस की व्यवस्था लागू नहीं है, ऐसे में डिंडोरी जिले के पटवारियों को भी इससे मुक्त किया जाए। वहीं, मध्यप्रदेश शासन एवं प्रभारी मंत्री के अनुमोदन से लगभग तीन माह पूर्व स्थानांतरित किए गए पटवारियों को तत्काल रिलीव करने की मांग की गई है।

 

पटवारियों ने डिंडोरी तहसीलदार पर तहसील के पटवारियों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार करने और दुर्भावनापूर्वक कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को जिला कार्यालय में संलग्न किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा जिला कलेक्टर द्वारा प्रभारी आरआई के खिलाफ की गई एक वेतन वृद्धि (असंचयी) रोकने की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए उसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई है।

 

ज्ञापन में मेहदवानी क्षेत्र के कुछ पटवारियों का सामूहिक रूप से एक दिन का वेतन रोके जाने का मुद्दा भी उठाया गया। पटवारियों ने रोका गया वेतन दिए जाने की मांग की है। संघ का कहना है कि वर्तमान में जिले में भय एवं तनाव का वातावरण बना हुआ है, जिसे कम किया जाना आवश्यक है।

 

पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 16 सूत्रीय मांगों का त्वरित निराकरण नहीं किया गया तो कलमबंद हड़ताल निराकरण होने तक जारी रखी जाएगी। संघ ने पत्रकारों से भी उनकी मांगों एवं हड़ताल से संबंधित समाचार को समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकाशित करने का आग्रह किया है।

 

दिनांक 02 सितंबर 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में पटवारी संघ ने प्रशासन से सभी 16 मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment