पुलिस जवानों की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, राष्ट्रसेविका समिति ने मनाया रक्षाबंधन

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
शहपुरा। राष्ट्रसेविका समिति की बहनों ने समाज और देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया। समिति की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्थानीय पुलिस थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुरक्षित जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान बहनों ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।
इस आत्मीय आयोजन से पुलिस थाने का माहौल भावुक एवं उत्सवमय हो गया। समिति की प्रमुख एवं मुख्य वक्ता उषा गुलवानी ने कहा कि जब पूरा समाज अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मना रहा होता है, उस समय पुलिस के जवान कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य पर तैनात रहते हैं। ऐसे में इन भाइयों की कलाई सूनी न रहे, इसी भाव के साथ समिति द्वारा प्रतिवर्ष पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया जाता है।
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद थाना प्रभारी अनुराग जामदार भावुक नजर आए। उन्होंने राष्ट्रसेविका समिति की बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ड्यूटी के कारण परिवार से दूर रहकर त्योहार मनाने का मलाल इस स्नेहपूर्ण आयोजन ने काफी हद तक दूर कर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी बहनों को उनकी रक्षा करने तथा समाज में सुरक्षा एवं शांति का वातावरण बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में राष्ट्रसेविका समिति की अनेक वरिष्ठ बहनों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्रसेविका समिति द्वारा पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने की यह पहल समाज और सुरक्षा बलों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने वाली तथा कर्तव्यनिष्ठ जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने वाली रही।