विभागीय योजनाओं और सक्षम आंगनवाड़ी के संचालन में लापरवाही पर कार्रवाई, दो पर्यवेक्षकों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिंडौरी, 26 अगस्त 2026
जिला प्रशासन द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में 09 मई 2026 को आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सेक्टर भानपुर में विभागीय योजनाओं की प्रगति कम पाए जाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सामने आई। इसके चलते श्रीमती रामप्यारी उईके, सेक्टर पर्यवेक्षक भानपुर, महिला एवं बाल विकास कार्यालय बजाग की एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई है।
इसी प्रकार, कलेक्टर द्वारा 11 जुलाई 2026 को भ्रमण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र अतरिया माल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सक्षम आंगनवाड़ी के अनुरूप अपेक्षित सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं पाए जाने के साथ ही केंद्र के संचालन में अनियमितताएं एवं लापरवाही सामने आई। मामले में संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के विरुद्ध पूर्व में ही कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्त की जा चुकी है।
वहीं, सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरतने पर सुश्री तबस्सुकम खान, सेक्टर पर्यवेक्षक लालपुर, महिला एवं बाल विकास कार्यालय बजाग की एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्षित हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं हितग्राहियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अपने पदीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए योजनाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजनाओं के क्रियान्वयन, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन एवं हितग्राही सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।