बरबसपुर में बाढ़ जैसे हालात, राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी- ग्राम पंचायत बरबसपुर में नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ समय के लिए बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पटवारी श्री अंकित तिवारी ने ग्राम पंचायत बरबसपुर के सरपंच, ग्राम रोजगार सहायक एवं कोटवार के साथ बाढ़ प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नदी का पानी बढ़ने से एक खाली मिट्टी से बनी गौशाला के डूबने तथा एक घर में रखा कुछ अनाज भीगने की जानकारी सामने आई। हालांकि, किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा अन्य बड़ी धनहानि की सूचना नहीं है।
वर्तमान में नदी का जलस्तर कम हो गया है और पानी उतरने के बाद स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में बनी हुई है। प्रशासनिक टीम द्वारा क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।