सिहावल में होटल और स्वीट्स प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, खराब सामग्री कराई गई नष्ट

0 157

 

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण को लेकर संचालकों को सख्त निर्देश

 

सीधी। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा होटल, स्वीट्स एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सिहावल एवं बहरी क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं स्वीट्स प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा जांच की गई।

 

कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य आपूर्ति अधिकारी स्वर्णा दीवान के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप तिवारी के संयुक्त दल ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

 

इन प्रतिष्ठानों में पहुंची जांच टीम

 

जांच दल द्वारा शारदा होटल, राजस्थान होटल, केशरवानी होटल, राजेश होटल अमिलिया-सिहावल तथा राजस्थान स्वीट्स बहरी का निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण तथा खाद्य सामग्री की वैधता की जांच की।

 

निरीक्षण के दौरान लड्डू, ड्राई फ्रूट लड्डू एवं मावा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

 

खराब एवं आउटडेटेड सामग्री का कराया विनिष्टीकरण

 

जांच के दौरान कुछ स्थानों पर खराब एवं आउटडेटेड खाद्य सामग्री पाए जाने पर उसे नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रतिष्ठान संचालकों की जिम्मेदारी है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

 

खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन का संदेश साफ है—खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई तय।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment