टोल प्लाजा और ढाबों के पास खड़े वाहनों से डीजल चोरी, गिरोह का पर्दाफाश

0 65

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी

सीधी। थाना जमोड़ी पुलिस ने बड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों चंद्रमणि साहू और दद्दू उर्फ रामगरीब रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का डीजल, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जिसकी अनुमानित कीमत ₹6.20 लाख बताई गई है, सहित अन्य सामग्री बरामद की है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कुशहा निवासी संजू यादव ने थाना जमोड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका कोयला लदा वाहन MP 19 ZD 3754 सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास रात करीब 2 बजे खड़ा था। चालक के सो जाने के दौरान अज्ञात लोगों ने वाहन की डीजल टंकी से डीजल चोरी कर लिया।

मामले की जांच के दौरान जमोड़ी पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर चंद्रमणि साहू पिता शिवनारायण साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी कारवाही, थाना सरई, जिला सिंगरौली तथा दद्दू उर्फ रामगरीब रावत, निवासी पराई, थाना चितरंगी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने बड़े वाहनों से डीजल चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

इस तरह करते थे डीजल चोरी

पुलिस के मुताबिक आरोपी होटल, ढाबों, टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर खड़े बड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। डीजल टंकी का ढक्कन तोड़ने के बाद विशेष रूप से तैयार गोलनुमा सब्बर से टंकी के अंदर लगी जाली को तोड़कर पाइप डालते और डीजल को जेरिकेन में निकाल लेते थे।

चोरी किया गया डीजल कथित तौर पर क्षेत्र के जेसीबी संचालकों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। कुछ डीजल का इस्तेमाल आरोपी अपने जेसीबी एवं बोलेरो वाहन में भी करते थे।

दोनों आरोपियों पर पहले से 16 मामले

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरई एवं रेलवे क्षेत्र में करीब 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध निवास रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेल इंजन से करीब 1000 लीटर डीजल चोरी का मामला भी आरपीएफ द्वारा दर्ज किया गया था।

थाना जमोड़ी पुलिस ने मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

वाहन चालकों से SP की अपील

SP सीधी श्री संतोष कोरी ने वाहन चालकों एवं आमजन से अपील की है कि हाईवे, टोल प्लाजा, होटल-ढाबों और सुनसान स्थानों पर वाहन खड़ा करते समय सावधानी बरतें। रात में संभव हो तो वाहन को सुरक्षित एवं प्रकाशयुक्त स्थान पर खड़ा करें। डीजल चोरी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें।

कार्रवाई में: SP संतोष कोरी के निर्देशन में ASP श्रीमती कमला जोशी, DSP मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक केदार परोहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment