सक्षम करियर कार्यशाला में छात्राओं को करियर, कानून एवं न्याय व्यवस्था की दी जानकारी

रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-21वीं सदी के जीवन कौशल सक्षम कार्यक्रम अंतर्गत माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, डिंडौरी में सक्षम करियर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों के साथ कानून, न्याय व्यवस्था एवं पुलिस सेवा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, अधिवक्ता श्री अभिनव कटारे, यातायात पुलिस से श्री सुभाष उइके एवं एएसआई श्री प्रवीण सिंह उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने छात्राओं को पुलिस विभाग में करियर की संभावनाओं, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की जानकारी देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। अधिवक्ता श्री अभिनव कटारे ने विधिक साक्षरता, कानून के क्षेत्र में करियर, न्यायपालिका की कार्यप्रणाली तथा नागरिकों के अधिकार एवं दायित्वों की जानकारी दी। छात्राओं ने अतिथियों से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं रोचक ढंग से उत्तर दिया गया। क्विज एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भी कानून, न्याय एवं करियर संबंधी विषयों को प्रभावी ढंग से समझाया गया।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं द्वारा तैयार की गई गोंडी पेंटिंग्स अतिथियों को भेंट की गईं। इसी क्रम में एक दिव्यांग छात्रा द्वारा स्वयं अपने हाथों से उकेरी गई प्रतिमा पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे को भेंट की गई। छात्रा की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की पुलिस अधीक्षक ने सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र से श्री आर.पी. कुशवाहा, परिसर की प्राचार्य एवं स्टाफ, सक्षम कार्यक्रम जिला प्रबंधक श्री महारन प्रताप सिंह, विकासखंड प्रबंधक श्री नीरज तिवारी सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यशाला छात्राओं के करियर मार्गदर्शन, विधिक जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।