दुर्गम वनांचल के चंद्रागढ़ में पहली बार पहुंचा हर घर नल से जल वर्षों का जल-संघर्ष हुआ समाप्त, बैगा परिवारों को मिली बड़ी राहत

सफलता की कहानी

0 52

 

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

 

डिंडौरी- डिंडौरी जिले के दुर्गम वनांचल क्षेत्र में स्थित वन ग्राम चंद्रागढ़ के ग्रामीणों के लिए जल जीवन मिशन नई उम्मीद और राहत लेकर आया है। आजादी के 70 वर्षों बाद पहली बार गांव के घर-घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचा है। महज चार माह के त्वरित क्रियान्वयन से नल-जल योजना को धरातल पर उतारा गया, जिससे ग्रामीणों का वर्षों पुराना पेयजल संकट समाप्त हुआ है।

 

झिरिया और छोटे गड्ढों पर निर्भरता से मिली मुक्ति

 

चंद्रागढ़ में नल से जल पहुंचने से विशेष रूप से बैगा जनजातीय परिवारों को बड़ी राहत मिली है। पहले ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर-दराज स्थित झिरिया और छोटे गड्ढों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी और अन्य मौसमों में पानी की तलाश में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब घर के आंगन तक नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से यह परेशानी दूर हो गई है। इससे महिलाओं और बच्चों का समय बचेगा तथा उनके दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

 

चार माह में धरातल पर उतरी योजना

 

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजना का त्वरित क्रियान्वयन किया गया। महज चार माह में नल-जल योजना को पूर्ण कर ग्रामीणों के घरों तक पेयजल पहुंचाया गया। यह उपलब्धि बताती है कि इच्छाशक्ति, प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में भी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाया जा सकता है।

 

वनांचल में विकास की नई तस्वीर

 

क्षेत्रीय विस्तार के क्रम में छिरिया बहरा और उदौर के बाद अब चंद्रागढ़ में भी नल-जल योजना का सफल क्रियान्वयन हुआ है। इससे वनांचल क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। ग्रामीणों के लिए घर तक नल से पानी पहुंचना केवल पेयजल सुविधा नहीं, बल्कि बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

ग्रामीणों के जीवन में आया बदलाव

 

चंद्रागढ़ में जल जीवन मिशन की सफलता ग्रामीणों के जीवन में बदलाव की एक प्रेरक कहानी बनकर सामने आई है। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों को स्वास्थय, स्वच्छता और सुविधा के क्षेत्र में लाभ मिलेगा। साथ ही पानी की व्यवस्था के लिए लगने वाला समय बचने से ग्रामीण परिवार अपने अन्य आवश्यक कार्यों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।

दुर्गम एवं आदिवासी अंचलों में घर-घर नल से जल पहुंचाने की यह पहल शासन की मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को साकार करती है। चंद्रागढ़ में जल जीवन मिशन का सफल क्रियान्वयन ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो आने वाले समय में क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव का आधार बनेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment