ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24 अगस्त तक पूरी होंगी सभी तैयारियां

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक हुई। बैठक में जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, बिजली, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य जुलूस नूरी मस्जिद से निकाले जाने की जानकारी देते हुए आयोजक अनीस अत्तारी ने बताया कि 26 अगस्त को होने वाले मुख्य जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भी छोटे जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस को निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग पर व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आयोजकों की ओर से वॉलेंटियर्स तैनात किए जाएंगे।
बैठक में महिला थाना के पास सड़क के गड्ढों की मरम्मत, बिजली के तार ऊंचे कराने, तिलहर-कटरा क्षेत्र के चौहटिया में जल निगम द्वारा खोदी गई सड़क की मरम्मत तथा कांट क्षेत्र में जुलूस मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग उठाई गई। मोहल्ला किला से निकलने वाले जुलूस को लेकर नूर अहमद ने अनुमति पत्र समय से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का निस्तारण 24 अगस्त तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
डीएम ने जुलूस के दौरान डीजे की निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई नहीं रखने तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री न बजाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस केवल निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए और किसी नई परंपरा की शुरुआत न हो। साथ ही जुलूस में किसी अन्य देश के झंडे का प्रयोग न करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आयोजकों से झंडों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत जुलूस के लिए अनुमति प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया जाएगा, जबकि गैर-परंपरागत जुलूस की अनुमति नहीं होगी। एसपी ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारी या पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने अगली बैठक में जुलूस के वॉलेंटियर्स को भी शामिल करने तथा परंपरागत जुलूस मार्ग का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने जुलूस मार्ग से संबंधित नागरिक सुविधाओं और अन्य समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं।
बैठक में अनीस अत्तारी, अनीस खान, कासिम रजा सहित धर्मगुरुओं ने लोगों से जुलूस के दौरान अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। धर्मगुरुओं ने विशेष रूप से कहा कि लंगर अथवा अन्य खाद्य सामग्री वितरित करते समय उसे सड़क पर फेंककर न दिया जाए, बल्कि सम्मानपूर्वक वितरित किया जाए, ताकि रिज्क की बरबादी और बेहुरमती से बचा जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।