स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी: सुरेश कुमार खन्ना
मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार को छावनी परिषद शहीद संग्रहालय, शाहजहांपुर कैंटोनमेंट में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम से पूर्व वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, सांसद अरुण कुमार सागर, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ काकोरी एक्शन के अमर नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह एवं अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रीय गीत का गायन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जनपद, प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और देश को आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पेट्रोलियम क्षेत्र में एथेनॉल के उत्पादन, किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
सुरेश कुमार खन्ना ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा को निखारें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। गरीब वर्ग के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग जैसी पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में कंधे से कंधा मिलाकर योगदान देना होगा।