स्वतंत्रता दिवस पर सीधी में बदलेगा यातायात, सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक कई मार्गों पर प्रतिबंध

सीधी। स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2026 को पुलिस परेड ग्राउंड सीधी में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लागू किए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 06:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक सीधी-कमर्जी मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सीधी से कमर्जी की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का प्रवेश इस अवधि में प्रतिबंधित रहेगा।
हल्के वाहनों के लिए डायवर्टेड रूट
सीधी से कमर्जी की ओर जाने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सम्राट चौराहा → बनिया कॉलोनी → कमर्जी मार्ग से जा सकेंगे। वहीं कमर्जी से सीधी की ओर आने वाले वाहन स्टेडियम (परेड ग्राउंड) से पहले → बनिया कॉलोनी मार्ग → सम्राट चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
एसपी कार्यालय से परेड ग्राउंड तक नो-व्हीकल जोन
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पुलिस परेड ग्राउंड तक मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित समय में केवल अधिकृत एवं पासधारी वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्टेड रूट का ही उपयोग करें। स्कूल, कार्यालय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अपने समय का समायोजन करें।
सीधी पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
सीधी पुलिस — “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प”