सीधी जिले के बहरी थाना अंतर्गत ग्राम भनवारी में ट्रांसफॉर्मर में आग, 400 घरों की बिजली गुल, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बारिश से बुझी; विभाग ने टीम मौके पर भेजने की कही बात,

0 293

सीधी प्राइड इंडिया न्यूज

 

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भनवारी में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां शॉर्ट सर्किट के चलते बिजली ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। इस घटना के कारण करीब 400 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

घटना सोमवार सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर में आग लगते ही चिंगारियां और धुआं उठने लगा, जिससे आसपास के लोग डर गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी।

 

बताया जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर करीब आधे घंटे तक जलता रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि तेज बारिश शुरू होने के कारण आग अपने आप बुझ गई। हालांकि आग के चलते ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे गांव के सैकड़ों घरों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।

 

उमस भरे मौसम में बढ़ी परेशानी

 

बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण बंद हो गए, जिससे उमस भरे मौसम में हालात और खराब हो गए। कई घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

 

ग्रामीणों की मांग – स्थायी समाधान हो

 

ग्राम भनवारी निवासी सुरेश दुबे ने बताया कि गांव में मेंटेनेंस कार्य होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को केवल अस्थायी सुधार नहीं, बल्कि स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने और बिजली बाधित होने की समस्या से राहत मिल सके।

 

विभाग का बयान

 

जिले के अधीक्षण यंत्री जनमेजय सिंह ने ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और जल्द ही आवश्यक सुधार कार्य कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा

 

थंबनेल बनाओ भेजो प्राइड इंडिया न्यूज स्टिकर पर

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment