जहानाबाद में किसान-मजदूरों का जोरदार प्रतिवाद मार्च, प्रदर्शन के बाद सामूहिक गिरफ्तार

19 सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय पहुंचे आंदोलनकारी, डीडीसी को सौंपा मांगपत्र

0 140

 

जहानाबाद, 10 अगस्त 2026। संयुक्त किसान मोर्चा, खेत मजदूरों एवं श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन तथा “कॉरपोरेट परस्त मोदी-शाह गद्दी छोड़ो, कॉरपोरेट भारत छोड़ो” के आह्वान पर सोमवार को जहानाबाद में किसान-मजदूरों, छात्र-युवाओं और महिलाओं ने जोरदार प्रतिवाद मार्च निकाला।

बिहार राज्य किसान सभा, बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन तथा सीटू (CITU) जिला कमेटी जहानाबाद के संयुक्त नेतृत्व में गांधी मैदान के दक्षिणी छोर से निकला मार्च समाहरणालय पहुंचा, जहां आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन किया। आंदोलन में शामिल सभी साथियों की गिरफ्तारी भी हुई। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन को 19 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल की जिला उप विकास आयुक्त (DDC) के साथ वार्ता हुई।

आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में किसानों की फसलों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना, कृषि उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी दर्जा देना, चारों श्रम संहिताओं को वापस लेना, बिजली विधेयक 2025 वापस लेना, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता वापस लेना तथा भूमिहीन परिवारों को बास की जमीन का पर्चा देना शामिल है।

इसके अलावा सभी स्कीम कर्मियों की सेवा नियमित करने, उनका न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के पिछले आठ माह से लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग भी उठाई गई। आंदोलनकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मांगों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन में बिहार राज्य किसान सभा के का. जगदीश प्रसाद, का. दिलीप कुमार, का. ओम प्रकाश सिंह, का. शत्रुघ्न प्रसाद, का. मिथिलेश कुमार, रामप्रवेश प्रसाद सहित कई नेता शामिल रहे।

बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की ओर से का. रामप्रसाद पासवान, का. बैद्यनाथ साहू, का. रामनरेश कुमार, का. कृष्ण दास, फूला देवी, देवमंती देवी, गिरानी साव, खुर्शीद आलम और रामविनय पासवान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सीटू की ओर से का. दिनेश प्रसाद एवं का. बुद्धेश पासवान, भारत की जनवादी नौजवान सभा से का. अरविंद कुमार एवं संजीव कुमार तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ की ओर से मंटू देवी, अनीता देवी, प्रमिला देवी और बीना देवी सहित सैकड़ों की संख्या में किसान-मजदूर एवं आंदोलनकारी शामिल हुए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment