बॉक्साइट खदान और अल्ट्राटेक फैक्ट्री से परेशान ग्रामीण, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भारी वाहनों से जर्जर हुई सड़कें, धूल से बढ़ी परेशानी; स्थायी समाधान की उठी मांग
सीधी। जिले के नैकिन एवं रघुनाथपुर पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने बॉक्साइट खदान एवं अल्ट्राटेक फैक्ट्री से जुड़े भारी वाहनों के लगातार आवागमन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर श्री विकास मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात भारी ट्रकों के संचालन से क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इसके अलावा वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के गांवों का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर चलने वाले राहगीरों, स्कूली विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि धूल के कारण घरों और दुकानों तक में गंदगी फैल रही है, जबकि खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है। कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इसी समस्या को लेकर ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्री विकास मिश्रा से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी और ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए तथा भारी वाहनों के आवागमन से होने वाली समस्याओं के स्थायी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आगे जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।