चेहल्लुम और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, सीओ सिटी ने की बैठक और पैदल गश्त

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर । आगामी चेहल्लुम पर्व एवं श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर देव व्रत बाजपाई ने थाना सदर बाजार क्षेत्र के अशफाक नगर चौकी पर मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा की।
बैठक में राजीव कुमार प्रभारी निरीक्षक सदर बाजार एवं थाना पुलिस मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध किया गया।
बैठक के बाद क्षेत्राधिकारी नगर ने थाना सदर बाजार एवं थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के इंतजामों का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।