02 वर्षों से फरार NDPS का आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, अमिलिया- कमर्जी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रिपोर्ट | सीधी
सीधी पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अमिलिया एवं कमर्जी थाना क्षेत्र में दर्ज NDPS एवं ड्रग कंट्रोल अधिनियम के मामलों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन में थाना अमिलिया और थाना कमर्जी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी नीलकमल पटेल (38 वर्ष) पिता बालगोविंद पटेल, निवासी ग्राम घोपारी, चौकी सिहावल, थाना अमिलिया, जिला सीधी है। आरोपी थाना अमिलिया के अपराध क्रमांक 197/2024 एवं 67/2024 तथा थाना कमर्जी के अपराध क्रमांक 135/2025 में दर्ज ड्रग कंट्रोल अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए रायपुर (छत्तीसगढ़) में छिपकर रह रहा था। तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत प्रयासों के आधार पर 4 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय सीधी में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 197/2024 में 2 लाख 16 हजार रुपये की वसूली/गिरफ्तारी संबंधी वारंट भी जारी था। दोनों मामलों में धारा 173(8) बीएनएस के तहत चालान पहले ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्रवाई में थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश सिंह बैस, चौकी प्रभारी सिहावल उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल, उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, प्रधान आरक्षक रोहित सिंह, अंजनी कुमार द्विवेदी, आरक्षक शत्रुधन अग्निहोत्री एवं विकास सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
सीधी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।