रामपुर नैकिन पुलिस की बड़ी सफलता: 3 गुमशुदा नाबालिगों को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा
एसपी संतोष कोरी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई, परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

सीधी, 25 जुलाई 2026।
जिले के रामपुर नैकिन थाना पुलिस ने गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिगों की तलाश अभियान के तहत त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफल कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गुमशुदा नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को 16 वर्षीय बालक, 12 जुलाई को 17 वर्षीय बालिका तथा 23 जुलाई को 15 वर्षीय बालिका के गुम होने की अलग-अलग शिकायतें थाना रामपुर नैकिन में दर्ज कराई गई थीं। सभी मामलों में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद 24 जुलाई को तीनों नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एक प्रकरण में विवेचना के दौरान अन्य धाराओं का भी इजाफा किया गया है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी नाबालिग के गुम होने की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना में दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु तिवारी, उप निरीक्षक मोतीलाल रावत, शत्रुघ्न प्रसाद भारती, सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार पाण्डेय, अनंत लाल प्रजापति, आरक्षक महेन्द्र तिवारी, विवेक द्विवेदी एवं महिला आरक्षक अंजली सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।