सीधी के शिकारगंज छोटे बंधा तालाब में फिर दिखा दुर्लभ जलीय जीव, घड़ियाल होने की आशंका

0 157

तीन महीने पहले तालाब से मगरमच्छ का किया गया था रेस्क्यू, अब दोबारा दिखे जलीय जीव से वन विभाग की सतर्कता जरूरी

सीधी, 21 जुलाई 2026।

सीधी जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत शिकारगंज स्थित छोटे बंधा तालाब में एक बार फिर दुर्लभ जलीय जीव दिखाई देने से क्षेत्र में उत्सुकता और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब में दिखाई दे रहा जीव घड़ियाल जैसा प्रतीत हो रहा है। इसकी सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में तालाब के आसपास पहुंच रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि लगभग तीन महीने पहले इसी तालाब से एक मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू कर उसे सोन घड़ियाल अभयारण्य में छोड़ा गया था। ऐसे में अब दोबारा किसी बड़े जलीय जीव के दिखाई देने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकारगंज का यह तालाब सोन नदी से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित है, जिससे यह जलीय जीव यहां कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है।

यदि यह वास्तव में घड़ियाल है, तो यह वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मामला हो सकता है। घड़ियाल संरक्षित एवं दुर्लभ प्रजाति का जलीय जीव है, जिसकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञों की टीम भेजकर इस जीव की पहचान कराई जाए और आवश्यकता पड़ने पर उसके संरक्षण एवं सुरक्षित स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए। साथ ही लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे तालाब के पास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और जलीय जीव को किसी प्रकार की हानि न पहुंचाएं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment