चुरहट जंगल हत्याकांड का खुलासा: प्रेमिका की पत्थर मारकर हत्या करने वाला प्रेमी गिरफ्तार

0 346

शादी के दबाव से नाराज होकर की वारदात, साक्ष्य मिटाने के लिए मोबाइल तोड़कर नदी में फेंका; डीएनए जांच और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

सीधी, 18 जुलाई। चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में मिले अज्ञात मानव कंकाल हत्याकांड का सीधी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के दौरान शादी करने के दबाव से नाराज होकर आरोपी ने अपनी प्रेमिका की पत्थर मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद उसने साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में थाना चुरहट पुलिस ने मामले की गहन जांच की। 30 जून 2026 को ग्राम कोष्टा पवाई के जंगल में एक अज्ञात मानव कंकाल मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम, वैज्ञानिक जांच और डीएनए परीक्षण के बाद मृतका की पहचान प्रियंका साकेत (19 वर्ष), निवासी ग्राम मवई, थाना चुरहट के रूप में हुई।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस पवन कारपेन्टर (20 वर्ष) निवासी ग्राम चिलरी कला, थाना कमर्जी तक पहुंची। पूछताछ के दौरान पहले आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2025 से उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था। 24 जून 2026 को उसने युवती को चुरहट बुलाकर कोष्टा पवाई के जंगल में मुलाकात की। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पत्थर से युवती के सिर और कान के पास कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल बंद कर उसकी बहन को व्हाट्सएप पर भ्रामक संदेश भेजे, ताकि किसी को शक न हो। बाद में उसने मोबाइल तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या, साक्ष्य छिपाने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में एससी/एसटी अधिनियम के प्रावधान भी लागू किए गए हैं।

इस पूरे हत्याकांड के खुलासे में थाना चुरहट प्रभारी निरीक्षक रीता त्रिपाठी एवं थाना चुरहट पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment