सड़क पर बच्चों की कक्षा लगाने के मामले में दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, 13 जुलाई को कलेक्टर के समक्ष होंगे उपस्थित

0 171

सीधी, 10 जुलाई 2026।

शासकीय माध्यमिक शाला बंजारी में विद्यार्थियों को सड़क पर बैठाकर कक्षा संचालित किए जाने के वायरल वीडियो और समाचारों को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र सीधी ने प्राथमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेश कुमार द्विवेदी तथा माध्यमिक शिक्षक रामदत्त पनिका को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।

नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय तक पहुंच मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में संबंधित शिक्षकों ने विभागीय अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दिए बिना बरसात के मौसम में विद्यार्थियों को खुले एवं असुरक्षित स्थान पर बैठाकर कक्षाएं संचालित कीं। इसे विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के दृष्टिकोण से गंभीर लापरवाही माना गया है।

दोनों शिक्षकों को 13 जुलाई 2026 को शाम 5:30 बजे कलेक्टर सीधी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment