वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना बोले— शिक्षकों की सेहत होगी सुरक्षित, कैशलेस चिकित्सा योजना बनी बड़ा सहारा

0 89

 

शाहजहांपुर में योजना का शुभारंभ कार्यक्रम, 18,806 शिक्षाकर्मियों को मिलेगा लाभ, डीबीटी से 26.5 करोड़ रुपये छात्रों के खातों में भेजे गए

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर, 8 जुलाई। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि एक स्वस्थ शिक्षक ही बेहतर समाज और मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकता है। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे उन्हें और उनके परिवारों को इम्पैनल्ड अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।

 

बुधवार को गन्ना शोध परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ तथा डीबीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी मद की धनराशि वितरण का सीधा प्रसारण देखा गया।

 

कार्यक्रम में मौजूद धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के 18,806 शिक्षाकर्मी मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित होंगे। साथ ही डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 26.5 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि इस राशि का उपयोग केवल निर्धारित शैक्षिक उद्देश्यों के लिए ही कराया जाए।

 

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने 12 जुलाई के वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की भी अपील की।

 

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी विनय मिश्रा, जिला समन्वयक सोहन शुक्ला, रोहित सिंह,एसआरजी अरुण कुमार,अश्विनी कुमार अवस्थी,

एआरपी उपेंद्र तिवारी,शुभम तिवारी,रजनीश बाजपेई, सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर चार शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए तथा डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की तथा उपस्थित अतिथियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment