राजस्थान दुष्कर्म कांड व सीधी बालिका मौत मामले में शिवसेना का आक्रोश, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

0 128

सीधी। राजस्थान में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म तथा सीधी जिले के कोष्टा-कोठार क्षेत्र में साकेत परिवार की बालिका का शव अधजली अवस्था में मिलने की घटना को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। शिवसेना मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर दोनों मामलों की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई तथा दोषियों को कठोरतम दंड देने की मांग की गई।

विवेक पांडे ने कहा कि राजस्थान की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और देश में बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।

उन्होंने सीधी जिले के कोष्टा-कोठार पहाड़ में साकेत परिवार की बालिका का शव अधजली अवस्था में मिलने की घटना को भी अत्यंत गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ जांच पूरी करने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विवेक पांडे ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं। यदि दोषियों पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो और किसी भी दोषी को राजनीतिक, सामाजिक या आर्थिक प्रभाव के आधार पर संरक्षण न मिले।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने में लापरवाही बरती गई तो शिवसेना लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जन आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल ‘भोले’, जिला उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान ‘मुन्ना’ तथा युवा संयोजक आकाश पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment