12 लाख की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; 11 लाख के सोने-चांदी के जेवरात व मोबाइल बराम

0 265

सीधी। थाना बहरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल सीधी भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बहरी पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को फरियादी रामरक्षा गुप्ता (50 वर्ष), निवासी ग्राम बहरी ने थाना बहरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी से अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात और वनप्लस कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई गई थी।

मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर विकेश सिंह गहरवार (23 वर्ष), पिता दिनेश सिंह गहरवार, निवासी कुर्सी खाड़, गेट नंबर-03, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वनप्लस मोबाइल सहित लगभग 11 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सीधी भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने त्वरित एवं प्रभावी विवेचना कर चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया।

सीधी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 100/112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment