आजादी से पूर्व जन्मे सीनियर सिटीजनों का जन्मोत्सव बना यादगार, परिचय पत्रिका प्रकाशित करने पर बनी सहमति

0 123

राजिम। छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज तहसील शाखा राजिम की मासिक बैठक में भारत की आजादी (15 अगस्त 1947) से पूर्व जन्मे वरिष्ठ नागरिकों का जन्मोत्सव गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक उदय राम साहू सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों का श्रीफल, अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उदय राम साहू ने कबीरदास जी का छायाचित्र पेंशनर्स समाज को भेंट किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भगवान श्री राजीवलोचन के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन के साथ हुआ। अतिथियों के स्वागत के बाद हेल्प एज इंडिया के मुकेश कुमार चेलक ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष बैशाखू राम साहू ने प्रांतीय बैठक के निर्देशों तथा पेंशनरों के हित में उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि 59 माह की लंबित पेंशन राशि का भुगतान एरियर सहित किया जाएगा। पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एच.एल. साहू ने मानव जीवन की सार्थकता पर अपने विचार रखे, जबकि अशोक शर्मा, दिनेश ताम्रकार एवं राधेश्याम सेन ने काव्यपाठ कर जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

आभार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं साहित्यकार डॉ. मुन्नालाल देवदास ने कहा कि पेंशनर्स समाज वरिष्ठ नागरिकों का अनुभवी और बड़ा परिवार है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ सदस्यों के जीवन अनुभवों को संजोने के लिए एक परिचय पत्रिका प्रकाशित की जाएगी, जिससे आने वाली पीढ़ी प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेगी।

डॉ. देवदास ने यह भी घोषणा की कि अब प्रत्येक मासिक बैठक में मंच संचालन और मुख्य अतिथियों का चयन नए सदस्यों में से किया जाएगा, ताकि सभी को अपनी बात रखने का समान अवसर मिल सके। इस प्रस्ताव का उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वागत किया।

बैठक में नए सदस्यों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर प्रेमलाल यदु, गोपाल वर्मा, चंद्रशेखर मिश्रा, मंशाराम साहू, महेश कुमार साहू, चंद्रहास दुबे, चंद्रहास राजपूत, यादराम ध्रुव, उदयराम साहू, राधेश्याम सेन, कुलंजन साहू, त्रिपुरारि शर्मा, दिनेश ताम्रकार, श्यामलाल यादव, राधेश्याम तिवारी, दल्लूराम यदु, महेश कुमार शर्मा, श्रीराम ध्रुव, बसंत कुमार साहू, फिरंगीलाल पटेल, शालिकराम तारक, मनीराम तारक, सियाराम साहू, ईश्वर लाल साहू, चतुर्वेदी मैडम सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी हृदय राम निर्मलकर, योगेश्वरपुरी गोस्वामी, बसंत शर्मा, अशोक शर्मा, ओमकुमार वर्मा, पन्नालाल वशिष्ठ, टी.आर. धनकर, दुर्गा प्रसाद तारक एवं हेमकुमार साहू का विशेष योगदान रहा। समापन से पूर्व दिवंगत पेंशनरों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण पुष्पकार ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment