जी-राम-जी योजना से बदलेगी गांवों की तस्वीर, पंचायतों को मिलेगी विकास की बड़ी जिम्मेदारी : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा। शहपुरा से कुछ दूरी पर स्थित चरगांव के सीएम राइज स्कूल में विकसित भारत जी-राम-जी (Viksit Bharat G-RAM-G) योजना को लेकर जागरूकता एवं जानकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और किसानों की समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
विधायक धुर्वे ने बताया कि जी-राम-जी योजना लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन पर रोक लगेगी और गांव आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। योजना के तहत पंचायतों को स्थानीय विकास कार्यों की व्यापक जिम्मेदारी दी जाएगी। सिंचाई, कृषि एवं ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्य पंचायत स्तर पर कराए जाएंगे। साथ ही जीर्ण-शीर्ण नहरों की मरम्मत, कच्चे एवं फिसलन वाले रास्तों के निर्माण एवं सुधार जैसे कार्य भी पंचायतें स्वयं करा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को वर्ष में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कार्य की मांग के 15 दिनों के भीतर रोजगार नहीं दिया जाता है, तो नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मजदूरी का भुगतान प्रत्येक सप्ताह किया जाएगा। यदि किसी कारणवश भुगतान में विलंब होता है, तो श्रमिकों को नियमानुसार लगभग तीन-चौथाई (3/4) राशि अग्रिम रूप से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं अधिकारी कर्मचारी सहित।जनप्रतिनिधियों को योजना की विशेषताओं, लाभ एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विधायक ने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।