बैंक पहुंचे कलेक्टर विकास मिश्रा, लंबित स्व-सहायता समूह ऋण प्रकरणों के तत्काल निराकरण के दिए निर्देश

0 222

 

सीधी। जिले में स्व-सहायता समूहों को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा ने शुक्रवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई) की तेंदुआ शाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत लंबित समूह ऋण प्रकरणों की समीक्षा कर बैंक अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समूहवार लंबित ऋण आवेदनों की जानकारी लेते हुए ऋण वितरण में हो रही देरी के कारणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र स्व-सहायता समूहों के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं। प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया जाए, ताकि समूहों की आजीविका गतिविधियां प्रभावित न हों।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) एनआरएलएम तथा बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उसी दिन संयुक्त रूप से बैठकर प्रत्येक लंबित प्रकरण की समीक्षा करें। जिन मामलों में दस्तावेज या अन्य औपचारिकताओं की कमी है, उन्हें तत्काल पूरा कराते हुए पात्र प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में बैंक और एनआरएलएम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी पात्र समूहों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक अवध बिहारी चौधरी, जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह, बैंक शाखा के अधिकारी, बैंक सखी एवं एनआरएलएम का अन्य अमला उपस्थित रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment