70वीं BPSC में सफलता: कंचन कुमारी बनीं ग्रामीण विकास पदाधिकारी, जहानाबाद का बढ़ाया मान

पटना/जहानाबाद | नवीन कुमार, संवाददाता
जहानाबाद जिले के पूर्वी ऊंटा निवासी एवं सेवानिवृत्त सहायक अभियंता श्री नन्हकदेव चौधरी की पुत्री कंचन कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer) के पद पर चयनित होकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
कंचन कुमारी ने अपनी प्रारंभिक एवं इंटरमीडिएट तक की शिक्षा DAV पब्लिक स्कूल, जहानाबाद से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से बी.एससी. (फिजिक्स ऑनर्स) तथा साइंस कॉलेज, पटना विश्वविद्यालय से एम.एससी. (फिजिक्स) की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने बीपीएससी की तैयारी शुरू की और अपने कठिन परिश्रम, लगन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
कंचन कुमारी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, समाज और पूरे जहानाबाद जिले में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे जिले के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुदय यादव, राजद जिला अध्यक्ष महेश ठाकुर, प्रधान महासचिव परमहंस राय, जिला प्रवक्ता डॉ. शशि रंजन उर्फ पप्पू जी, जिला महासचिव विनोद यादव, एससी/एसटी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अरविंद चौधरी, जिला सचिव रामजीवन पासवान, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश कुमार, उपाध्यक्ष राजकुमार निराला सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं राजनीतिक नेताओं ने कंचन कुमारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभी शुभचिंतकों ने ईश्वर से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि कंचन कुमारी आगे भी उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की सेवा करेंगी तथा अपने क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगी।