सीधी में 15 दिवसीय “SAFE CLICK-2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ

0 158

साइबर जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने दिखाई हरी झंडी, 8 जुलाई तक चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम

सीधी। बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से सीधी जिले में 15 दिवसीय “SAFE CLICK-2.0” (साइबर स्वच्छता) अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया, जबकि जिला मुख्यालय सीधी में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने विशेष रूप से तैयार साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्री कोरी ने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। अभियान के पहले दिन जिले के सभी थाना, चौकी, ग्राम पंचायत, अस्पताल एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in⁠� से संबंधित बैनर, स्टैंडी एवं जागरूकता सामग्री स्थापित की गई।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश, वीडियो और ऑडियो क्लिप का भी व्यापक प्रसारण किया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को “रुको, सोचो और फिर कार्रवाई करो” का संदेश दिया गया, ताकि वे ऑनलाइन ठगी और फर्जीवाड़े से बच सकें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा, डीएसपी (अजाक) सुजीत कड़वे, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, थाना प्रभारी अजाक आर.एल. साकेत, थाना प्रभारी कोतवाली विवेक द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

8 जुलाई तक चलेंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस विभाग के अनुसार अभियान के तहत आगामी दिनों में जिले के स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, बैंकों, डाकघरों, सीएससी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यशालाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाएं, साइबर बुलिंग, मॉर्फिंग और ऑनलाइन गेमिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, साइबर रैली, पॉडकास्ट, वीडियो संदेश, मुनादी और घर-घर संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। व्यापारियों को क्यूआर कोड फ्रॉड से बचाव की ट्रेनिंग दी जाएगी तथा शासकीय कार्यालयों में साइबर हाइजीन एवं डेटा सुरक्षा पर विशेष सेमिनार आयोजित होंगे।

नागरिकों से जुड़ने की अपील

पुलिस विभाग ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं और व्यापारियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर स्वयं और अपने परिवार को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने में सहयोग करें। 15 दिवसीय यह अभियान 08 जुलाई 2026 को विभिन्न कार्यक्रमों एवं साइबर सुरक्षा गतिविधियों के साथ संपन्न होगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment