ब्रिगेडियर बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, फर्जी आईडी, एयर पिस्टल और आर्मी से जुड़ा सामान बरामद

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में सेना के ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। एडमिनिस्ट्रेटिव कमांडेंट स्टेशन मुख्यालय शाहजहाँपुर को पूर्व सैनिकों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्यन वर्मा (20) टाटा हैरियर वाहन पर आर्मी मुख्यालय का झंडा और वन-स्टार प्लेट लगाकर घूम रहा था। उसके साथ एक चालक और दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे, जो स्वयं को एनएसजी कमांडो जैसा प्रदर्शित कर रहे थे। तलाशी में आरोपी के पास से ब्रिगेडियर का फर्जी पहचान पत्र, एयर पिस्टल, पीक कैप, स्टेथोस्कोप, एप्पल टैब, मोबाइल फोन, विजिटिंग कार्ड और अन्य सामान बरामद हुआ। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर बाजार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने NEET परीक्षा दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसका सपना AFMC में डॉक्टर बनने का था। उसने अपनी बीमार मां को दिलासा देने के लिए झूठ बोला कि उसका चयन हो गया है। इसके बाद उसने नोएडा और गुरुग्राम से सेना की वर्दी और अन्य सामान जुटाया तथा पिता की कार पर आर्मी से जुड़े प्रतीक लगाकर घूमने लगा। पूर्व सैनिकों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम में बुलाए जाने पर उसकी पहचान उजागर हो गई और वह पकड़ा गया।