शाहजहाँपुर: एसएसयू में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और इसके उभरते क्षेत्र” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वामी शुकदेवानन्द सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. प्रियंका सक्सेना (राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज) का छात्राओं ने चंदन तिलक एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी के संयोजक एवं वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर वास्तविक बुद्धिमत्ता का नियंत्रण आवश्यक है। वहीं, मुख्य अतिथि प्रो. प्रियंका सक्सेना ने कहा कि एआई शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने इसके नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह ने कहा कि उत्पादन और मार्केटिंग में एआई के प्रयोग से गुणवत्ता बढ़ी है और लागत घटी है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में जल्द ही बी.कॉम. (एआई) पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र के बाद दो तकनीकी सत्र आयोजित हुए, जिनमें शोधार्थियों ने 34 शोध पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। संचालन डॉ. कमलेश गौतम तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. देवेन्द्र सिंह ने किया।