अधूरी सड़क और लापरवाही पर भड़के एसडीएम: खुद पत्थर लगाकर बनाया बैरिकेड, एनएच की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा। शहपुरा से कुंडम मार्ग पर निर्माणाधीन नेशनल हाईवे में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। अधूरी पड़ी सड़क और डायवर्सन स्थलों पर किसी भी प्रकार के संकेतक या बैरिकेड नहीं लगाए जाने से लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस मुद्दे को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक जिम्मेदार एजेंसी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसी बीच एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने दौरे से लौटते समय खुद वाहन रुकवाकर ठाकुर ढाबा के पहले सड़क किनारे पत्थरों से अस्थायी बैरिकेड तैयार कराया, ताकि वाहन चालकों को आगे अधूरी सड़क की जानकारी मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
बताया जा रहा है कि कुंडम से शहपुरा तक बन रही नेशनल हाईवे सड़क शुरुआत से ही विवादों में रही है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह उभार और गड्ढों के कारण सफर के दौरान भारी झटके लगते हैं। वहीं जहां-जहां डायवर्सन बनाए गए हैं, वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।