“कलेक्टर का बड़ा एक्शन मोड: राजस्व अफसरों को अल्टीमेटम, लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढील!”

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले में राजस्व व्यवस्था को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने राजस्व अधिकारियों की बड़ी समीक्षा बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ कहा कि राजस्व विभाग के मूल कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जनता से जुड़े मामलों में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने प्रतिदिन नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही फैसला हो चुके प्रकरणों के अभिलेख तत्काल दुरुस्त कर रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बकाया राजस्व वसूली, अतिक्रमण हटाने और शासकीय भूमि की सुरक्षा को लेकर भी कलेक्टर ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। अनुपयोगी रिकॉर्ड के विनष्टीकरण, अभिलेख प्रबंधन को व्यवस्थित करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि चिन्हांकन और सीमांकन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जिले में निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार हो सकें।
गर्मी और आगामी मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी और आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों पर विशेष फोकस किया। उन्होंने सभी एसडीएम और राजस्व अधिकारियों को मानसून पूर्व समीक्षा बैठकें आयोजित करने, जलभराव और राहत प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं गेहूं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने की बात कही। बैठक में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।