“तालाब से तरक्की तक: मछुआ चौपाल में जागी आत्मनिर्भरता की नई लहर”

0 243

 

“मछुआ चौपाल से बदलेगी गांवों की तस्वीर: आधुनिक तकनीक और योजनाओं से जुड़ रहे मछुआरे”

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित “कृषक कल्याण वर्ष 2026” के अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछुआरों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग द्वारा लगातार “मछुआ चौपाल” आयोजित की जा रही हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत गुडुआधार एवं पर्यटक ग्राम खोखरा में आयोजित चौपालों में मत्स्यपालकों को आधुनिक तकनीक, उत्पादन वृद्धि और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और मत्स्य समूहों ने सहभागिता की।

 

गुडुआधार में आयोजित प्रथम सत्र की अध्यक्षता कविता स्व सहायता समूह की अध्यक्ष आरती साहू ने की। इस दौरान समूह के सदस्यों एवं स्थानीय मत्स्यपालकों को उन्नत मत्स्य पालन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही कविता स्व सहायता समूह गुडुआधार का एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीयन भी कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन अपनाने पर ग्रामीणों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

 

वहीं द्वितीय सत्र में बरचर जलाशय के समीप स्थित पर्यटक ग्राम खोखरा में आदिवासी मत्स्य सहकारी समिति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मत्स्यपालकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड, बचत सह राहत योजना, दुर्घटना बीमा योजना सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारियों ने मत्स्यपालकों को आत्मनिर्भर बनने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। चौपाल में शामिल ग्रामीणों ने शासन की इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे गांवों में रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment