टॉपटेन में स्थान बनाने वाली तनीषा साहू को 15 हजार का सम्मान, डॉ. मुन्नालाल देवदास ने घर पहुंचकर किया गौरव सम्मान

कौन्दकेरा |
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित मिलऊदास कोसरिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौन्दकेरा की मेधावी छात्रा तनीषा साहू ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.80 प्रतिशत अंक हासिल कर छत्तीसगढ़ टॉपटेन में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सामान्य किसान परिवार से आने वाली तनीषा इस विद्यालय की पहली छात्रा हैं, जिन्होंने प्रदेश स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर गौरव ग्राम कौन्दकेरा को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति व राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक डॉ. मुन्नालाल देवदास ने तनीषा साहू के घर पहुंचकर उन्हें 15 हजार रुपये की सम्मान राशि एवं “माँ कौशल्या शिक्षा सम्मान 2026” स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “तनीषा साहू ने मेरे 15 वर्षों का सपना साकार किया है, यह शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक क्षण है।”
उल्लेखनीय है कि डॉ. देवदास ने कौन्दकेरा में 36 वर्षों तक शिक्षक, प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक एवं स्टेट मास्टर ट्रेनर के रूप में सेवाएं दीं और वर्ष 2007 में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हुए। उन्होंने पूर्व में घोषणा की थी कि इस विद्यालय से जो भी छात्र-छात्रा प्रदेश टॉपटेन में स्थान बनाएगा, उसे 15 हजार रुपये एवं “माँ कौशल्या शिक्षा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा, जो वर्ष 2026 में साकार हुआ।
इस अवसर पर डॉ. देवदास ने तनीषा साहू के माता-पिता सहित गणित एवं हिन्दी विषय के व्याख्याता लक्ष्मण साहू और दुष्यंत वर्मा का भी श्रीफल व शाल से सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष सोमप्रकाश साहू, प्रधान पाठक बलराम साहू, शिक्षक नेमूराम साहू, पुरुषोत्तम साहू, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा, आचार्य भेदूदास सहित परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने तनीषा साहू को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. देवदास के इस सराहनीय कार्य के लिए प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक कांतिलाल जैन, सह संयोजक जगदीश देशमुख, जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, नंदनी ओंकार साहू, शिवांगी चतुर्वेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष रुपनारायण साहू, उपाध्यक्ष तारणी कृष्णा सेन, पार्षद शशिकला पुरेन्द्र साहू, बैंक अध्यक्ष बाबूलाल साहू, दूजराम साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष दिनेश साहू सहित गरियाबंद जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।