24 घंटे में हत्या का खुलासा: चितरंगी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0 196

बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद बना हत्या की वजह, लाठी से वार कर की गई थी हत्या

सिंगरौली | 25 अप्रैल 2026

जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी मुन्नालाल पनिका (28 वर्ष), निवासी ग्राम सूदा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सूदा निवासी भुनेश्वर उर्फ छंदू कोल (40 वर्ष) का शव संदिग्ध अवस्था में लुकामन पनिका के घर के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा व एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम के मार्गदर्शन में दो टीमों का गठन किया गया। एक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए, जबकि दूसरी टीम ने साइबर सेल के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही मुन्नालाल पनिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसके बिजली कनेक्शन को बार-बार काट देता था, जिससे नाराज होकर उसने 23-24 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 12 बजे लाठी से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश किया गया है।

इनकी रही अहम भूमिका:

इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, निरीक्षक विद्यावारिधि तिवारी, उपनिरीक्षक आर.के. वर्मा, उपनिरीक्षक उमेश कुमारी तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment