बजाग में संस्थागत प्रसव बढ़ाने की पहल: विभागीय समन्वय और जागरूकता से रुकेगी होम डिलीवरी

आकांक्षी ब्लॉक में जमीनी अध्ययन के बाद नया मॉडल तैयार, महिलाओं के साथ पुरुषों की भागीदारी पर जोर

0 214

 

बजाग (डिंडौरी)। आकांक्षी विकासखंड बजाग में बढ़ते घरेलू प्रसव (होम डिलीवरी) पर रोक लगाने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए ‘केयर कैंपेनिंग प्रोग्राम’ के तहत व्यापक जमीनी अध्ययन किया गया। विशेषज्ञों और अधिकारियों की टीम ने ग्राम पंचायत पिपरिया के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों—जलदा, खरारीटोला और सिंदूरखार—का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया।

अध्ययन में यह सामने आया कि आम धारणा के विपरीत इन क्षेत्रों में न तो नेटवर्क की समस्या है और न ही सड़क संपर्क की कमी। गांवों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है और वाहन भी आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके बावजूद संस्थागत प्रसव का प्रतिशत कम है।

मुख्य कारण के रूप में जागरूकता और शिक्षा की कमी सामने आई। बैगा आदिवासी समुदाय की महिलाओं से चर्चा में पाया गया कि उन्हें शासकीय योजनाओं की सीमित जानकारी है। शिक्षा के अभाव में वे सुरक्षित प्रसव के महत्व को पूरी तरह समझ नहीं पा रही हैं। साथ ही कम उम्र में विवाह और गर्भधारण की समस्या भी सामने आई है।

समाधान के रूप में किशोरी चौपाल, बालिका शिक्षा को बढ़ावा और समाज के मुखियाओं की काउंसलिंग जैसे कदम सुझाए गए हैं। टीम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, पंचायत सचिव और ग्रामीणों के साथ संवाद कर एक अभिनव मॉडल तैयार किया है।

इस मॉडल के तहत ग्राम स्तर पर एक साझा मंच बनाया जाएगा, जहां महिला और पुरुष दोनों को एक साथ जोड़कर सुरक्षित प्रसव और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि विभागों के समन्वय और सामूहिक जागरूकता से होम डिलीवरी के मामलों में कमी लाई जा सकती है।

इस दौरान योसेड हेल्थ फाउंडेशन के राज्य समन्वयक अनंत राव पवार, नीति आयोग (एबीएफ) से डॉ. विकास जैन, बीपीएम लल्ला यादव, क्षेत्रीय सीएचओ, आशा कार्यकर्ता और पंचायत सचिव मौजूद रहे। प्रशासन जल्द ही इस समन्वित जन-जागरूकता मॉडल को लागू करने की तैयारी में है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment