नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासत तेज: विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप, सीधी में ‘महिला आक्रोश’ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

0 350

सीधी। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में सीधी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘महिला आक्रोश’ प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।

विधायक रीती पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, समाजवादी पार्टी सहित इंडी गठबंधन ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के ऐतिहासिक अवसर को खो दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस विधेयक को आगे बढ़ने से रोका, जिससे करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंची है।

उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों के विरोध से जुड़ा रहा है। शाहबानो प्रकरण, ट्रिपल तलाक और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर बार महिलाओं के हितों के खिलाफ रुख अपनाया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका गांधी वाड्रा के एक बयान पर भी आपत्ति जताते हुए विधायक पाठक ने कहा कि महिलाओं के संदर्भ में ‘इस्तेमाल’ जैसे शब्द भारतीय संस्कृति के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को देवी स्वरूप मानकर सम्मान दिया जाता है और उनकी राजनीतिक भागीदारी को रोकने की किसी भी कोशिश को देश की मातृशक्ति स्वीकार नहीं करेगी।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में देश की महिलाएं इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।

स्थानीय मुद्दों पर जवाब देते हुए विधायक पाठक ने घरेलू गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं पर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही गोपालदास बांध, गोरियारा बांध, सड़कों के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की। संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनीला सिंह चौहान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम जी सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पूनम सोनी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment