सीधी कलेक्टर का बहरी क्षेत्र दौरा: पोड़ी और डोल में रात्रि चौपाल, 23 अप्रैल को निरीक्षण व बैठक
ग्रामीण समस्याओं के समाधान पर फोकस, व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को निर्देश

सीधी। कलेक्टर महोदय द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 को बहरी क्षेत्र के अंतर्गत व्यापक जनसंवाद और निरीक्षण कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अप्रैल को शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक पोड़ी पाट में रात्रि चौपाल आयोजित होगी, जिसमें ग्राम पंचायत पोड़ी, पोखरा, समरदह, खोचीपुर एवं भरूही के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद रात 8:00 बजे से 10:00 बजे तक डोल में दूसरी रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें डोल, तरका, चन्दवाही एवं ददरी कला ग्राम पंचायतों के लोग सहभागिता करेंगे। रात्रि चौपाल के पश्चात कलेक्टर महोदय बहरी में रात्रि विश्राम करेंगे।
23 अप्रैल को सुबह 7:00 बजे से बहरी, देवगवां, मायापुर (लौआ) एवं नकझरकला क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके उपरांत सुबह 10:00 बजे से तहसील कार्यालय बहरी में खण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित होगी।
कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि चौपाल कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार मुनादी के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पोड़ी एवं डोल में बैठक व्यवस्था के तहत दरी, कालीन, प्रकाश एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। धूप की स्थिति में टेंट की व्यवस्था तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी संबंधित सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे पेंशन, सम्बल, कर्मकार, खाद्यान्न, बीपीएल एवं निर्माण कार्यों से संबंधित अद्यतन सूची के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा सके।