तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत – परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिहुली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। घटना रविवार, 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुई निवासी संतोष कुमार द्विवेदी (पिता – सीता शरण द्विवेदी) अपनी मोटरसाइकिल से दो अन्य व्यक्तियों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे टिप्पर वाहन (क्रमांक – MP 53 ZG 4331) ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद संतोष कुमार द्विवेदी घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से वाहन के माध्यम से हत्या की गई है।