अस्पताल सुधार पर सख्त हुए विधायक: सिहावल CHC की बैठक में बड़े फैसले, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
सिहावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा पिछली बैठक के निर्णयों के पालन की जानकारी दी गई, वहीं अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए जनरेटर के ईंधन, वाहन चालकों के मानदेय, सफाई कर्मियों के भुगतान और स्टाफ ड्यूटी रूम जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बिना किसी असुविधा के बेहतर और सुगम उपचार मिलना चाहिए। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, जन आरोग्य औषधि केंद्र के सुचारू संचालन और प्रथम तल पर बने भवन में बिजली व्यवस्था सहित अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एंबुलेंस और अन्य वाहनों के सुचारू संचालन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके बाद विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)